ड्राइवर और क्लीनर बीच रास्ते में असली दूध निकालकर पानी मिला देते थे, फिर ले जाते थे प्लांट

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुवे सांची के टैंकर में भरा करीब 16000 लीटर अमानक दूध जप्त किया है। इसकी कीमत 16 लाख रुपये बताई जा रही है। टैंकर के चालक व कंडक्टर रास्ते में ही असली दूध को खाली कर उसकी जगह मिलावट कर देते थे और सांची प्लांट में पहुंचाते थे। सांची के अधिकारियों द्वारा काफी समय से मिलावटी दूध की शिकायत की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने उक्त कार्रवाई की। पुलिस ने टैंकर के चालक व कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे अन्य की संलिप्तता के संबंध में पूछताछ जारी है।

दरअसल इंदौर क्राईम ब्रांच की टीम को सांची दुग्ध संघ के अधिकारियों ने शिकायत की थी कि धार सेंधवा की तरफ से आने वाले सांची दूध के टैंकरों की सील को टैंपरिंग कर असली दूध को निकाला जाता है और इसकी जगह पानी डालकर मिलवट कर खानापुर्ती की जाती है। इस सूचना के बाद लसूड़िया थाना पुलिस के अधिकारियों ने धार व सेंधवा से आने वाले सांची के टैंकर का पीछा कर उसे सांची प्लांट के पास पकड़ लिया। इसके बाद खाद्य विभाग व सांची दुग्ध के अधिकारियों को सूचना दी। जांच करने पर टैंकर के दूध में मिलावट पाई गई। पुलिस ने टैंकर चालक कमलेश राजपूत और उसके साथी जितेन्द्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया।

वही कमलेश व जितेन्द्र ने पूछताछ में  बताया कि सांची टैंकर में सेंधवा जामली से कच्चा असली दूध भरा गया था। ड्राइवर व कंडक्टर ने बताया कि वह रास्ते में अलग-अलग ढ़ाबों पर टैंकर की सील से छेड़छाड़ कर दूध बेच दिया देते थे। इसके बाद लेवल बराबर करने के लिए इसमें पानी मिला दिया जाता था। पुलिस आरोपियो से इसमें अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version