टीका उत्सव से टीका ही गायब:देश में वैक्सीन का संकट बरकरार, तभी तो केंद्र के टीका उत्सव में वैक्सीनेशन बढ़ने की बजाय 12% घट गया

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

देशभर में वैक्सीन का संकट बरकरार है। कई राज्य खुलकर बोल चुके हैं, लेकिन केंद्र सरकार है कि मानने को तैयार नहीं। राज्य सरकारों ने जब वैक्सीन की कमी के बारे में बोला तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन खुद आंकड़े पेश करने उतर गए। दावा किया था कि पूरे देश में कहीं भी वैक्सीन की कमी नहीं है।

हालांकि, वैक्सीनेशन में आई कमी ने इस दावे की पोल खोल दी है। वह भी तब, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देशभर में वैक्सीनेशन को बढ़ाने के लिए टीका उत्सव शुरू किया गया था।

मोदी ने 11 से 14 अप्रैल के बीच देशभर में टीका उत्सव मनाने का ऐलान किया था। खूब प्रचार-प्रसार हुआ। केंद्रीय मंत्री से लेकर विधायक तक ने लोगों से वैक्सीन लगवाने के लिए अपील की, लेकिन परिणाम ठीक उल्टा देखने को मिला। 11 से 14 अप्रैल के बीच वैक्सीनेशन बढ़ने की बजाय 12% घट गया।

1.13 करोड़ से घटकर 99 लाख हुआ वैक्सीनेशन
टीका उत्सव के दौरान यानी 11 से 14 अप्रैल के बीच देशभर में वैक्सीन की 99.64 लाख डोज लगाई गई। इसके पहले 7 से 10 अप्रैल के बीच 1.13 करोड़, 3 से 6 अप्रैल के बीच 1.10 करोड़ और 30 मार्च से 2 अप्रैल के बीच 99.99 लाख वैक्सीन की डोज लगाई गई थी। आंकड़ों से साफ है कि टीका उत्सव में वैक्सीनेशन काफी घट गया, जबकि इस उत्सव का मकसद ही टीकाकरण को बढ़ाना था।

- Advertisement -

5 दिन पहले मोदी ने की थी देशभर से अपील
मोदी ने 11 अप्रैल को टीका उत्सव की शुरुआत करते हुए कहा था, ‘आज 11 अप्रैल यानी ज्योतिबा फुले जयंती से हम देशवासी टीका उत्सव की शुरुआत कर रहे हैं। यह उत्सव 14 अप्रैल यानी बाबा साहेब आंबेडकर जयंती तक चलेगा।’ उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की थी। कहा था, ‘मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं कि वे 4 चीजों का पालन करें – जिन लोगों को टीका लगवाने में मदद की जरूरत है, उन्हें मदद करें। COVID उपचार में लोगों की मदद करें। मास्क पहनें और दूसरों को प्रेरित करें। कोई व्यक्ति पॉजिटिव पाया जाता है, तो इलाके में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाएं।’

स्वास्थ्य मंत्री का दावा- कहीं पर भी वैक्सीन की कमी नहीं
वैक्सीनेशन घटने के बीच हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि देश में टीकों की कोई कमी नहीं है। भारत सरकार हर राज्य को टीके देती है। यह राज्यों का काम है कि वे टीकाकरण केंद्रों पर समय से इसकी आपूर्ति करें।

इन राज्यों ने वैक्सीन की कमी का आरोप लगाया था
महाराष्‍ट्र, छत्‍तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, राजस्थान और ओडिशा ने वैक्‍सीन की आपूर्ति में कमी का आरोप लगाया था। ओडिशा के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक ने इस बाबत डॉक्‍टर हर्षवर्धन को पत्र भी लिखा था। इस पत्र में कहा गया था कि वैक्‍सीन की कमी के कारण 700 टीकाकरण केंद्र को बंद करना पड़ा है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने भी वैक्सीन की सप्लाई बढ़ाने की मांग की थी।

Exit mobile version