राऊ पुलिस को गुरुवार दोपहर शिकायत मिली कि इलाके में रहने वाले नाबालिग भाई-बहन घर से लापता है। भाई की उम्र करीब साढ़े तीन वर्ष जबकि बहन की उम्र सिर्फ 2 वर्ष है। दोनों घर के बाहर ही खेल रहे थे। स्वजन को दोनों बच्चे नहीं मिले तो उन्होंने पुलिस को सूचना की। थाना प्रभारी राऊ नरेंद्र रघुवंशी ने तुरंत एक टीम बनाई, इसमें एफआरबी और महिला डेस्क की टीम भी शामिल की गई। करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी बच्चों की फोटो लेकर तलाश में निकले। आसपास सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे गए। लोगों से बच्चों के बारे में पुलिस को जानकारी मिलती गई। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद एक धर्म स्थल के पास दोनों बच्चे बैठे हुए मिले। दोनों बच्चे खेलते हुए घर से दूर निकल गए थे। रास्ता नहीं याद होने से वापस नहीं लौट पाए, इसलिए धर्म स्थल के पास ही बैठ गए थे।
