गुना के पास हादसे में फरार ड्राइवर को विजय नगर पुलिस ने चाचौड़ा पुलिस के सुपुर्द किया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

गुना के पास मिनी बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में लगी आग में 3 बच्चों की जलने से मौत हो गई थी। इस मामले में मिनी बस का ड्राइवर घटना के बाद से फरार हो गया था। विजय नगर पुलिस ने उसे कस्टडी में लिया है ।

इंदौर के द्वारकापुरी में रहने वाला परिवार दीपावली के बाद दर्शन करने के लिए मथुरा जा रहा था। गुना के पास चाचौड़ा में सड़क किनारे खड़े ट्रक में मिनी बस जा टकराई थी। इस घटना के बाद मिनी बस में आग लग गई थी। मिनी बस में 28 लोग सवार थे। घटना में 4 लोग घायल हुए थे जबकि 3 बच्चे माधव शर्मा, दुर्गा शर्मा और रोहित शर्मा गाड़ी से नहीं निकल पाए थे। टक्कर के बाद मिनी बस में लगी आग में तीनों जिंदा जल गए थे। इस घटना में मिनी बस का ड्राइवर फरार हो गया था।
थाना प्रभारी को जानकारी मिली थी कि मिनी बस का ड्राइवर मालवीय नगर में छिपकर रह रहा है। इस जानकारी पर बीट के सिपाही अनुदीप और लेखराज ने जानकारी जुटाकर मिनी बस के ड्राइवर नितेश पिता जगदीश खत्री उम्र 30 साल निवासी मालवीय नगर को पकड़ा। उसके मिलने की जानकारी चाचौड़ा पुलिस को दी गई। चाचौड़ा पुलिस की टीम इंदौर आकर नितेश को ले गई। उसके खिलाफ चाचौड़ा में केस दर्ज है जिसमे पुलिस को उसकी तलाश थी।

Exit mobile version