ऑनलाइन पेमेंट से आए गिरफ्त में : किराए पर 10 लाख रुपए के कैमरे लिए और हो गए फरार, उसी कैमरे से गोवा में कपल का फोटो शूट किया, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

किराए पर कैमरा लेकर फरार हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भोपाल के रहने वाले इन आरोपियों ने इंदौर से लगभग 10 लाख रुपए कीमत के कैमरे किराए पर लिए थे और फरार हो गए थे। बाद में आरोपियों ने इसी कैमरे से गोवा में एक कपल का फोटो शूट भी किया था। छोटी ग्वालटोली पुलिस के अनुसार भीकनगांव के रहने वाले सिद्दार्थ धनगर ने रिपोर्ट लिखवाई थी कि कुछ लोगों ने उससे शूटिंग करने के लिए कैमरे लिए और फरार हो गए।

इस पर विवेचना के बाद पुलिस ने सौरभ पिता पर्वत कुशवाह (21) निवासी पुरुषोतम नगर (भोपाल), विक्रम पिता राजेंद्र रैकवार (28) निवासी शहीद नगर (भोपाल) और अनिकेत पिता विक्रम सिंह कटियार (22) निवासी गायत्री नगर (गंजबासौदा, विदिशा) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 लाख रुपए कीमत के कैमरे जब्त किए गए है। तीनो आरोपी इन कैमरे से 24 सिंतबर को गोवा में एक कपल का फोटो शूट कर 26 सिंतबर को वापस लौटे थे।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

फरियादी ने पुलिस को बताया था कि वह फोटो शूट व इवेंट के लिए कैमरे किराए पर देने का काम करता है। आरोपी सौरभ, विक्रम, अनिकेत पेशे से फोटोग्राफर है और कैमरे किराए पर लेकर फोटोशूट करते है। इन्होंने योजना बनाई कि फोटोशूट के बहाने कैमरे लेकर गायब हो जाएंगे फिर उन्हें कैमरे किराए पर लेकर काम करने की आवश्यक्ता नहीं होगी।

- Advertisement -

इसी योजना के तहत आरोपी अनिकेत ने सिद्धार्थ से कैमरे किराए पर लेने के लिए संपर्क किया। उसने बताया था कि उन्हें इंदौर में एक फोटो शूट करना है। बात होने के बाद 22 सिंतबर को सिद्दार्थ का कर्मचारी शैलेंद्र धनगर कैमरे लेकर इंदौर पहुंचा। 

भोपाल से आरोपी सौरभ व अनिकेत भी इंदौर आ गए। ये तीनो सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र में महावीर लॉज में रुके। रात में तीनो ने लॉज में शराब पी। इसके बाद कर्मचारी शैलेंद्र को खाना खिलाने के लिए सौरभ पास के एक होटल में ले गया। जबकि अनिकेत बहाने से लॉज में ही रुक गया।

दोनो के जाने के बाद अनिकेत ने सभी कैमरे बैग में पैक किए और रिक्शा लेकर वहां से चला गया। उसने फोन कर सौरभ को कैमरे ले जाने की जानकारी दी। इस पर सौरभ ने होटल में खाना ऑर्डर कर पेमेंट किया और बहाने से वहां से बाहर निकल गया।

इसके बाद आरोपी सौरभ व अनिकेत सीधे भोपाल आ गए। वहीं होटल खाना खाकर जब शैलेंद्र लॉज पहुंचा तो सभी कैमरे गायब थे। अनिकेत का फोन भी बंद आ रहा था। तब उसने सिद्धार्थ को घटना की जानकारी दी। सिद्धार्थ ने इंदौर आकर छोटी ग्वालटोली पुलिस को मामले की शिकायत की। 

आरोपी ने खाने का पेमेंट ई-वॉलेट से किया, इसी से आए पकड़ में 

होटल में खाने का पेमेंट आरोपी सौरभ ने अपने ई वॉलेट से ऑनलाइन किया था। इसका नंबर पुलिस ने हासिल किया और सौरभ को धर दबोचा। उसकी निशादेही पर विक्रम को भी पकड़ लिया गया। अनिकेत को पता चल गया था कि सौरभ व विक्रम को पुलिस ने पकड़ लिया है तो उसने एक कैब बुक की और अपना सारा सामान लेकर भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंच गया। हालांकि पुलिस ने कैब ड्राइवर से पूछताछ कर आरोपी अनिकेत को  भोपाल रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ लिया।

Exit mobile version