कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को रात 11 से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाया। रात्रि कर्फ्यू पहले दिन शहर के कई इलाकों में पुलिस की सख्ती का असर दिखाई दिया और 11 बजे तक शहर के कई इलाकों की सड़के सूनी हो गई। गुरुवार रात 10.45 बजते ही आनंद बाजार , एलआईजी चौराहे, विजय नगर सहित कई चौराहों पर पुलिस ने अनाउंसमेंट करवाकर दुकानों को बंद करवाया। रात 11:00 बजते ही सराफा क्षेत्र में लगने वाली चौपाटी को भी पुलिस प्रशासन ने बंद करवाया।
सराफा थाने के प्रभारी राहुल शर्मा ने लाउडस्पीकर पर अनाउंसमेंट कर चौपाटी की दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए और दुकान संचालकों को कहा कि आने वाले दिनों में जब तक रात्रि कर्फ्यू जारी है, रात 10.30 बजे से ही चौपाटी को बंद करना चालू करें ताकि 11 बजे तक चौपाटी पूरी तरह बंद मिले।
सराफा चौपाटी की ओर जाने वाले रास्तों को पुलिस ने 10.30 बजे ही बंद कर दिया था ताकि लोग सराफा चौपाटी क्षेत्र में न पहुँच सके। रात 11.30 बजे तक एलआइजी, विजयनगर, पलासिया व भंवरकुआं क्षेत्र में चौराहों पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर आने जाने वालों को रोककर पूछताछ की और उन्हें समझाइश भी दी।
