आस्था और उल्लास के साथ मनाई गई दीपावली, घर- घर की गई माता महालक्ष्मी की अगवानी, रोशनी से जगमगाया समूचा शहर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

 रोशनाई का महापर्व दीपावली गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समूचे शहर में ज्योति पर्व का उल्लास नजर आया। रोशनी से जगमगाते शहर की रौनक देखते ही बन रही थी। माता महालक्ष्मी की घर- घर अगवानी के साथ एक- दूसरे को मिठाई खिलाकर दिवाली की शुभकामनाएं दी गईं। लोगों ने आतिशबाजी का भी जमकर लुत्फ उठाया।

दिनभर चला खरीददारी का दौर।

गुरुवार को दिवाली के मौके पर भी शाम तक खरीददारी का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने पूजन सामग्री के साथ दिए, धानी, लक्ष्मीजी के चित्र वाले पोस्टर, फल, गेंदे के फूल, सजावटी सामान और मिठाई सहित अन्य वस्तुओं की जमकर खरीददारी की। घरों, दुकानों और दफ्तरों की साफ- सफाई के साथ सजावटी सामान और गेंदे के फूलों से सजाया गया। घरों के आगे खूबसूरत रंगोली सजाई गई।

आस्था व उल्लास के साथ की गई माता महालक्ष्मी की अगवानी।

- Advertisement -

दीपावली पर माता महालक्ष्मी की अगवानी आस्था और उल्लास के साथ की गई। दफ्तरों, दुकानों और व्यावसायिक संस्थानों में दिन के शुभ मुहूर्त में पूजन कर माता महालक्ष्मी का आवाहन किया गया वहीं घरों में शाम ढलने के बाद पूजा- अर्चना और आरती कर माता महालक्ष्मी की अगवानी की गई।

शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाया शहर।

शाम ढलते ही अमावस के अंधेरे ने अपना फन फैलाना चाहा पर घर- घर रोशन हुए असंख्य दियों ने उसे सिमटने पर विवश कर दिया। इंदौर शहर में शायद ही कोई ऐसा घर होगा जो रोशनी से न जगमगा रहा हो। सतरंगी रोशनी की छटा देखते ही बन रही थी।

जमकर हुई आतिशबाजी।

माता महालक्ष्मी की अगवानी के बाद लोगों ने अपने परिजनों, परिचितों, रिश्तेदारों और आस- पड़ौसियों के साथ दीप पर्व की खुशियां बांटी। इस मौके पर रंगारंग आतिशबाजी का भी लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। शाम ढलते ही आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर तक चलता रहा।

Exit mobile version