पेट्रोल डीजल की कीमतों के साथ सभी सामानों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ देर से ही सही लेकिन विपक्ष की नींद खुल चुकी है। अब आम लोगों की परेशानी को उजागर करने के लिए कॉन्ग्रेस मैदान में आकर विरोध दर्ज करवाने का मन भी बना चुकी है। इसी कड़ी में 20 फरवरी को आधे दिन का प्रदेश बंद का आह्वान किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर होने जा रहे आधे दिन के बंद में सभी व्यापारियों से बंद को सफल बनाने की अपील की जा रही है। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने भी शहर के सभी व्यापारियों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। बाकलीवाल का कहना है कि पेट्रोल डीजल की कीमतों की वजह से आम व्यक्ति परेशान हो चुका है। लोगों का मैनेजमेंट पूरी तरह से बिगड़ गया है। सुबह 8 बजे से 1 बजे तक के आधे दिन के बंद के जरिए विपक्ष के साथ आम लोग भी अपनी परेशानी जाहिर करने के लिए सड़कों पर उतरे और सरकार को आईना दिखाएं। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे बन्द का समर्थन करते हुए आधे दिन के इस बंद को पूरी तरह सफल बनाए।
विनय बाकलीवाल, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी
