दुश्मन के विमान को हवा में मार गिराने में सक्षम आकाश मिसाइल के नए वर्जन का परीक्षण कामयाब रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह टेस्ट सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ओडिशा की चांदीपुर रेंज में किया गया। नए वर्जन का नाम आकाश प्राइम रखा गया है। इसने अपने पहले टेस्ट में आसमान में उड़ रहे टारगेट को इंटरसेप्ट किया और खत्म कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आकाश प्राइम पुराने सिस्टम के मुकाबले ज्यादा सटीक है। इसमें किए गए सुधार से ऊंचाई पर कम तापमान वाले माहौल में भी यह मिसाइल सही निशाना लगाती है। अभी इसका फ्लाइट टेस्ट किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मिसाइल के कामयाब टेस्ट के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO), सेना, एयरफोर्स को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह कामयाबी दुनिया की बेहतरीन मिसाइल सिस्टम को डिजाइन और डेवलप करने की DRDO की क्षमता को साबित करती है।
