
इंदौर : कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह संवेदनशील मुद्दों पर विवादित बयान देकर नित नए विवादों को जन्म देते रहे हैं। उनके बयान कांग्रेस पार्टी को भी फजीहत में डाल देते हैं। उनका ताजा बयान कश्मीर में धारा 370 की फिर से बहाली को लेकर है। बताया जाता है कि पाकिस्तान के एक पत्रकार से क्लब हाउस चैट के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो जम्मू- कश्मीर में धारा 370 की बहाली पर पुनः विचार किया जाएगा।
बीजेपी हुई हमलावर।
दिग्विजय सिंह के इस बयान ने बीजेपी को हमलावर होने का मौका दे दिया। बीजेपी प्रवक्ता संदीप पात्रा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देशद्रोहियों का क्लब बन गई है।
दिग्विजय सिंह के बयान पर बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का संदेश पाकिस्तान तक पहुंचा दिया।
कांग्रेस का हाथ, पाकिस्तान के साथ- शिवराज
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह के बयान की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। यह कांग्रेस ही थी जिसने कश्मीर में धारा 370 लगाने का पाप किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बीजेपी सरकार ने धारा 370 हटा दी। अब देश में दो विधान, दो निशान नहीं है। कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। उसके नेता दिग्विजय सिंह कहते हैं, धारा 370 पुनः बहाल करने पर विचार किया जाएगा। क्या पुनःविचार करेगी कांग्रेस..? क्या फिर धारा 370 थोपकर अलगाव वाद को हवा देगी..? आतंकवाद को प्रश्रय देगी..? सीएम शिवराज ने तंज कसते हुए कहा ‘कांग्रेस का हाथ, पाकिस्तान के साथ’ शिवराज ने कहा यह कांग्रेस की पाकिस्तानी मानसिकता है। जो पाकिस्तान कहता है, वही कांग्रेस कहती है। सोनियाजी जवाब दो, देश आपसे जवाब चाहता है।