कोविड-19 का वेक्सीन जब तक नही बन जाता तब तक इंसानों को बचाने में सहायक हो सकती हैं ये 4 वैक्सीन, जानें क्या है इनमें खास

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


COVID-19 Vaccines : चीन समेत अन्य देशों के वैज्ञानिकों ने तैयार की कोविड—19 से लड़ने वाली वैक्सीनकई वैज्ञानिकों ने वायरस को विकसित कर शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने पर दिया जोर

COVID-19 Vaccines
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) की चपेट में पूरी दुनिया आ चुकी है। लाखों लोग इससे संक्रमित (Infected) हो रहे हैं। ऐसे में इससे छुटकारा पाने के लिए वैक्सीन तैयार करना बेहद जरूरी है। इस दिशा में दुनिया के अलग-अलग देशों के वैज्ञानिक लगातार कोशिशें कर रहे हैं। शोधकर्ताओं ने इन तमाम शोध में से चार ऐसी शक्तिशाली वैक्सीन की खोज की है जो कोरोना के खिलाफ संजीवनी का काम कर सकती हैं। तो कौन-सी हैं वो वैक्सीन (COVID-19 Vaccines) आइए जानते हैं।

mRNA-1273 वैक्सीन
अमरीकी बॉयोटेक्नॉलॉजी कंपनी मॉडर्ना थेराप्युटिक्स कोविड-19 की वैक्सीन के विकास के लिए नई रिसर्च रणनीति पर काम कर रही है। ये वैक्सीन मैसेंजर RNA या मैसेंजर राइबोन्यूक्लिक एसिड पर आधारित है। इसके ट्रायल के लिए अमरीका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ हेल्थ की ओर से फंडिंग की जा रही है। वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस का जेनेटिक कोड तैयार किया है। जिसे व्यक्ति के शरीर में इंजेक्ट किया जाएगा। जिससे बॉडी में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होगी। ये कोरोना के खात्मे में असरदार साबित हो सकती है।

ChAdOx1 वैक्सीन
ब्रिटेन की ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के जेनर इंस्टीट्यूट में ChAdOx1 वैक्सीन तैयार किया गया है। यूरोप में इसका पहला क्लीनिकल ट्रायल हुआ है। इसे बनाने के लिए चिन्पांज़ी से लिए गए एडेनोवायरस के कमज़ोर वर्ज़न का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि टीम ने इसमें इंसानों के शरीर के अनुसार थोड़े बदलाव किए हैं। वैज्ञानिकों ने कृत्रिम वायरस तैयार किया है जो नुक़सानदेह नहीं है। ये शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएगा।

- Advertisement -

LV-SMENP-DC वैक्सीन
चीन के ही शेंज़ेन जीनोइम्यून मेडिकल इंस्टीट्यूट में ह्यूमन वैक्सीन LV-SMENP-DC का परीक्षण किया गया है। इसे एचआईवी जैसी बीमारी के लिए ज़िम्मेदार लेंटीवायरस से तैयार किया गया है। चीन में ही एक अन्य वैक्सीन को भी विकसित किया जा रहा है। इस वैक्सीन के लिए निष्क्रिय वायरस में कुछ ऐसे बदलाव किए जाते हैं जिनसे वो किसी को बीमार करने की अपनी क्षमता खो देते हैं।

AD5-nCoV वैक्सीन
चीनी बॉयोटेक कंपनी कैंसिनो बॉयोलॉजिक्स के साथ इंस्टीट्यूट ऑफ़ बॉयोटेक्नॉलॉजी और चाइनीज़ एकेडमी ऑफ़ मिलिट्री मेडिकल साइंसेज़ ने मिलकर एक वैक्सीन तैयार की है। जिसका नाम AD5-nCoV वैक्सीन है। इसमें एडेनोवायरस के एक ख़ास वर्ज़न का इस्तेमाल किया गया है। एडेनोवायरस विषाणुओं के उस समूह को कहते हैं जो हमारी आंखों, श्वासनली, फेफड़े, आंतों और नर्वस सिस्टम में संक्रमण का कारण बनते हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक ये वेक्टर उस प्रोटीन को सक्रिय कर देगा जो संक्रमण से लड़ने में मददगार साबित होते हैं।

Exit mobile version