राज्य शासन ने इंदौर और भोपाल के मेट्रो प्रोजेक्ट को गति देने का काम तेज कर दिया है| सीएम शिवराज के सपनों के शहर इंदौर में इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी बाधाओं में विद्युत विभाग की लाइनें भी शामिल हैं| प्रोजेक्ट को गति मिलने के लिए जरूरी है कि इन्हें जल्द से जल्द शिफ्ट किया जाए| विभाग ने काम शुरू किया है लेकिन गति से अधिकारी खुश नहीं है ऐसे में कार्य की प्रगति को देखने के लिए आज प्रदेश के ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे खुद इंदौर पहुंचे| दरअसल इंदौर में बनने वाले मेट्रो प्रोजेक्ट की बाधाओं में विद्युत विभाग की 132 केवी की लाइन शामिल है| विद्युत विभाग ने इन लाइनों को शिफ्ट करने के लिए ट्रांसमिशन कंपनी को काम सौंपा है| इस काम की गति देखने के लिए आज ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे इंदौर पहुंचे| उन्होंने विद्युत मंडल के अधिकारियों के साथ बापट चौराहे से सत्य साईं चौराहे के बीच होने वाले पहले चरण के कार्य का निरीक्षण किया| प्रमुख सचिव संजय दुबे के अनुसार सभी लाइनों को यूनीपोल में शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि वह मेट्रो प्रोजेक्ट में बाधा ना बने| यह काम तीन चरणों में किया जाएगा। पहला चरण मार्च 2021 में पूर्ण कर लिया जाएगा। 132 केवी की लाइनों को शिफ्ट करने के 18 स्थान चिन्हित किए गए हैं, सभी जगह से लाइने शिफ्ट करने की अनुमति ले ली गई है| प्रमुख सचिव दुबे के मुताबिक अधिकतर स्थानों पर सरकारी जमीन होने से किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।
