मुख्यमंत्री के सपनों के शहर इंदौर की खूबसूरती के दुश्मन बन चुके पौधा चोरों से परेशान नगर निगम अब सीसीटीवी से चोरों को पकड़ेंगा।दरअसल नगर निगम इन दिनों शहर के मुख्य मार्गों सहित अन्य चौराहे पर सजाए गए पौधे को चोरी करने वालों से काफी परेशान हो गया है। दिन में नगर निगम विभिन्न चौराहों पर खूबसूरत फूलों के पौधे लगाता है और रात में लोग इन्हें चोरी कर ले जाते हैं। यह सिलसिला पिछले कई दिनों से चल रहा है। नगर निगम के उपायुक्त उद्यान कैलाश जोशी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सयाजी होटल चौराहा और व्हाइट चर्च चौराहा पर लगाए गए महंगे आकर्षक पौधे और फूलों के पौधे चोरी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा इन चौराहों की चौकीदारी किया जाना कठिन है। इसलिए अब चोरों को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की तलाश की जा रही है। सम्बंधित थानों में इसकी लिखित सूचना दी जा रही है।
