COVID-19: दिल्ली विधानसभा में एक दिन का सत्र और इसी दिन पेश हो जाएगा बजट

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
बताया जा रहा है कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए यह ऐह‌तियातन यह कदम उठाया गया है. (फाइल फोटो)

दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र को एक दिन तक सीमित कर दिया गया है. यह अब 23 मार्च को होगा. खास बात यह है कि इसी दिन बजट भी पेश किया जाएगा और इसे इसी दिन पारित भी कर दिया जाएगा.

नई दिल्ली. कोरोना के कहर के चलते अब दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र को एक दिन तक सीमित कर दिया गया है. यह अब 23 मार्च को होगा. खास बात यह है कि इसी दिन बजट भी पेश किया जाएगा और इसे इसी दिन पारित भी कर दिया जाएगा. बताया जा रहा है कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए यह ऐह‌तियातन यह कदम उठाया गया है. इससे पहले शनिवार दोपहर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई घोषणाएं की थीं. साथ ही उन्होंने कोरोना के चलते दिल्ली को लॉकडाउन करने की चर्चा को पर भी बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि फिलहाल दिल्ली को लॉकडाउन नहीं किया जा रहा है लेकिन जरूरत पड़ने पर ऐसे कदम उठाए जा सकते हैं.

केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि अब दिल्ली की जनता जो राशन की दुकानों से सामान लेती है उन्हें चार किलो की जगह 7.5 किलो राशन मिलेगा और उसका कुछ भी पैसा नहीं लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इससे करीब 72 लाख लोग यानि 18 लाख परिवारों को सीधा फायदा होगा. इसके साथ ही उन्होंने विधवाओं, बुजुर्गों और विकलांगों की पेंशन को दोगुना कर दिया.

पेंशन की दोगुनी
केजरीवाल ने इस दौरान कहा कि विधावा, बुजुर्ग और विकलांगों को इस बिमारी से बचाने के लिए उन्हें सुरक्षा और संसाधनों की जरूरत होगी. इसी को देखते हुए सरकार ने 2.5 लाख विधवाओं, 5 लाख बुजुर्गों और 1 लाख विकलांगों की पेंशन को दोगुना करने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जो लोग बेघर हैं और नाइट शेल्टर्स में रह रहे हैं उनके लिए सुबह और शाम का खाना इन्हीं शेल्टर्स में दिया जाएगा. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि इन शेल्टर्स में काई आकर खाना खा सकता है.इसके साथ ही सीएम केजरीवाल ने जानकारी दी कि अप्रैल माह का राशन इस बार 30 मार्च को ही उपलब्‍ध करवा दिया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राशन की दुकानों पर भीड़ न लगाएं और यदि लाइन भी लगती है तो करीब 1 मीटर का फासला रखें. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी को राशन मिलेगा. ऐसे में वे खुद की सुरक्षा का ध्यान रखें.

फिलहाल लॉकडाउन नहीं
अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन पर कहा कि अभी इस तरह का कोई निर्णय नहीं लिया गया है लेकिन यदि जरूरत पड़ती है तो लोगों की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली को लॉकडाउन भी कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि जनता कर्फ्यू के दौरान दिल्ली की 50 फीसदी बसें नहीं चलेंगी.

ये भी पढ़ेंः केजरीवाल ने की बड़ी घोषणा, 72 लाख को फ्री राशन, बुजुर्गों की पेंशन डबल

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए दिल्ली-एनसीआर से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: March 21, 2020, 8:44 PM IST

Exit mobile version