COVID-19: ‘जनता कर्फ्यू’ के दौरान मुंबई की सड़कों पर छाया सन्नाटा

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
मुंबई की सड़कों पर पसरा सन्नाटा

पीएम मोदी (PM Modi) के ‘जनता कर्फ्यू’ के दौरान रविवार को मुंबई की सड़कों पर सन्नाटा नजर आया, मेट्रो का परिचालन भी निलंबित है.

मुंबई. कभी न सोने और कभी न रुकने के लिए जानी जाने वाली मायानगरी मुंबई (Mumbai) की सड़कें रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा प्रस्तावित ‘जनता कर्फ्यू’ के मद्देनजर सुनसान रहीं और सार्वजिक स्थलों पर सन्नाटा रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस (Coronavirus) से निपटने के प्रयासों के तहत सामाजिक दूरी बनाने के लिए लोगों से रविवार को सुबह सात से रात नौ बजे तक ‘जनता कर्फ्यू’ का हिस्सा बनने की अपील की है.

पश्चिमी और पूर्वी एक्सप्रेस राजमार्गों और शहर की अन्य सड़कों पर आमतौर पर भारी यातायात देखने को मिलता है लेकिन कर्फ्यू को समर्थन देने क लिए लोग आज अपने घरों में ही रहे. रेलवे स्टेशनों पर भी इसी प्रकार की स्थिति थी जहां क्षमता से अधिक भीड़ वाली ट्रेनों में चढ़ने के लिए अमूमन हजारों यात्री मौजूद रहते हैं.

लोकल ट्रेनों में सफर करने की अनुमति
राज्य सरकार प्राधिकारियों ने लोगों को शनिवार को सूचित किया था कि केवल आवश्यक सेवाओं में कार्यरत लोगों को ही लोकल ट्रेनों में सफर करने की अनुमति दी जाएगी और यह अनुमति भी पहचान संबंधी पत्र देखने के बाद ही मिलेगी. शहर में रविवार को सार्वजनिक परिवहन सुविधा में कटौती की गई है. लोकल ट्रेन समेत रेल सेवाओं में कटौती की गई है. शहर में रविवार को मुंबई मेट्रो और मुंबई मोनोरेल का परिचालन निलंबित है.

महाराष्ट्र में कोरोना के 52 मामले
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के तीन नये मामले सामने आए हैं. शुक्रवार को नये मामले आने के बाद राज्य में प्रभावितों की कुल संख्या 52 हो गई है. वहीं देश भर में 198 मामले हो गये हैं. इससे पहले अकेले मुंबई में गुरूवार को कोरोना वायरस संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 18 पहुंच गई.

अलग-अलग हॉस्पिटल में भर्ती
अधिकारियों ने बताया कि सात मरीजों को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल और एक-एक मरीज को सैफी अस्पताल, नानावती अस्पताल और एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं पुणे के मरीज को वहां के नायडू अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हफ्ते की शुरुआत में कोविड-19 से ग्रसित एक मरीज की मुंबई में मौत हो गई थी. (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: कोरोना: जनता कर्फ्यू में ट्रेनों के साथ रहेंगी ये सारी चीजें बंद, जानें डिटेल

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: March 22, 2020, 9:31 AM IST

Exit mobile version