Covid 19: महावीर जयंती पर बंद रहेगा दिल्ली का दिगंबर जैन मंदिर

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
जैन मुनि के अनुसार कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए मंदिर बंद रखने का फैसला लिया गया है.

Fight Against COVID-19: मंदिर के खुले रहने पर महावीर जयंती को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग आ सकते हैं. ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है. इसलिए यह निर्णय किया गया है.

नई दिल्ली. कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब धार्मिक संस्‍थान और प्रतिष्ठान भी आगे आ रहे हैं और लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का संदेश दे रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली के द्वारका स्थित श्री दिगंबर जैन रत्नात्रया जैन मंदिर (Jain Mandir) को महावीर जयंति पर बंद रखने का फैसला किया गया है. एक जैन मुनि के अनुसार कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. मंदिर के खुले रहने पर महावीर जयंती को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग आ सकते हैं. ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है. इसलिए यह निर्णय किया गया है.

कहा- देश पहले
जैन मुनी ने बताया कि कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है. ऐसे में हमारे लिए राष्ट्रधर्म पहले है. लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. राष्ट्रधर्म को हम पूरी तरह से निभा रहे हैं और ये ध्यान रखा जा रहा है कि मंदिर में लोग न आएं. ऐसे में कोरोना के संक्रमण को रोकने में मदद मिलेगी.

दिल्ली में 503 हुए पीड़ित
वहीं दिल्ली में रविवार को कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 503 हो गई. वहीं संक्रमण से मरने वालों की संख्या 7 हो गई है. सरकार के अनुसार रविवार को एक ही दिन में राधानी में 58 नए मामले दर्ज किए गए हैं और एक शख्स की मौत हुई है. इन मामलों में 320 वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने पिछले महीने निजामुद्दीन में आयोजित धार्मिक सम्मेलन में हिस्सा लिया था. कुल मामलों में से 18 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और एक व्यक्ति विदेश चला गया है.

देश में कोविड-19 से अब तक 79 लोगों की मौत: स्वास्थ्य मंत्रालय

उल्लेखनीय है कि पूरी दुनिया समेत भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. यह वायरस अब तक भारत के 3000 से ज्यादा लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है. वहीं इससे अब तक 79 लोगों की मौत हो चुकी है. स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने नियमित रूप से होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि देश भर में 274 जिले आज तक कोरोनावायरस के कारण प्रभावित हुए हैं. अग्रवाल ने बताया कि भारत में अब तक कुल 3374 कोविड-19 के मामले सामने आए हैं. कल से 472 नए मामले सामने आए हैं. कुल 79 लोगों की मौत की सूचना भी मिली है. कल से 11 मौतें भी हुई हैं. 267 लोग ठीक हो चुके हैं.

ये भी पढ़ेंः COVID-19 Update: दिल्ली में संक्रमण के मामले 503 हुए, 7 हुई मृतकों की संख्या

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए दिल्ली-एनसीआर से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: April 6, 2020, 8:34 AM IST

Exit mobile version