- सीएम शिवराज ने कहा- पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राम वन गमन पथ, रामायण सर्किट को विकसित किया जाएगा
- ‘चंबल प्रोग्रेस-वे प्रदेश के लिए वरदान सिद्ध होगा, मुरैना, भिंड, श्योपुर जिले से होकर यूपी-राजस्थान की सीमा तक यह नया प्रोग्रेस बनेगा’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि सरकार राज्य में राम वन गमन पथ और रामायण सर्किट विकसित करेगी और इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सीएम स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल परेड ग्राउंड के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित राज्य-स्तरीय समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने यहां पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इसके मौके मुख्यमंत्री ने राज्य में चंबल प्रोग्रेस-वे के साथ नर्मदा एक्सप्रेस-वे बनाने की घोषणा की।
शिवराज ने कहा- “हम राम गमन पथ, रामायण सर्किट का विकास करेंगे, अमरकंटक सर्किट, तीर्थंकर सर्किट, मां नर्मदा परिक्रमा भी विकसित करेंगे। इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे रोजगार भी पैदा होंगे।” उन्होंने कहा कि राम गमन पथ को दोबारा से देखेंगे। रामगमन पथ के निर्माण का प्रस्ताव चित्रकूट में है।
रिकॉर्ड- 129 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया
मुख्यमंत्री ने कहा- अन्नदाता को प्रणाम। कोविड 19 महामारी के कारण उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों में भी प्रदेश के किसानों ने कमाल कर दिया। गेहूं का रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन किया। गेहूं खरीदी में मध्यप्रदेश ने पंजाब को भी पीछे छोड़ते हुए देश में नंबर एक बन गया।
सीएम ने कहा- ‘लॉकडाउन हुआ लेकिन हमने प्रदेश के अन्नदाताओं को कठिनाई का सामना नहीं करने दिया। वृहद स्तर गेहूं उपार्जन किया गया, मुझे ये बताते हुए गर्व है कि रिकॉर्ड 129 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया और 24,000 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि किसानों को दी गई।’
आर्थिक संकट है, लेकिन रोना नहीं रोएंगे: सीएम
आर्थिक संकट है, लेकिन हम उसका रोना नहीं रोएंगे। नई-नई सिंचाई परियोजनाओं को हमने शुरू किया है। नर्मदा मैया के जल के अपने हिस्से की एक-एक बूंद का हम उपयोग करेंगे। कानून और व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश को शांति का टापू बनाना है। माफियाओं को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा। मध्यप्रदेश ने स्वच्छता अभियान में नए रिकॉर्ड बनाए हैं। इंदौर की जनता ने अपने शहर को लगातार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया है। मेट्रो रेल, नल-जल, सोलर पावर पर भी तेजी से कार्य जारी है।
लाडली लक्ष्मी योजना फिर से शुरू करेंगे
शिवराज ने कहा कि मैंने सरकारी कार्यों में शुभारंभ के मौके पर लड़कियों को सम्मानित करने के लिए ‘कन्या पूजा’ की शुरुआत की थी। अब हम लाड़ली लक्ष्मी योजना को फिर से नए सिरे से शुरू करेंगे। बेटियों की पूजा करके ही कोई भी शासकीय कार्यक्रम अब शुरू होगा। महिला सशक्तिकरण में हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
सीएम शिवराज की बड़ी घोषणाएं
- निशुल्क खाद्यान्न प्रदाय का महाअभियान शुरू होगा।
- ‘मेधावी विद्यार्थी योजना’ और सभी विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क पढ़ाई की व्यवस्था।
- मेधावी विद्यार्थियों को वितरित होंगे लैपटॉप।
- प्रदेश में शुरू सर्वसुविधायुक्त और गुणवत्तापूर्ण ‘सीएम राइज स्कूल’ होंगे।
- महिला स्वसहायता समूहों को इस वर्ष 1300 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण 4 प्रतिशत ब्याज दर पर दिया जाएगा।
- ‘एक जिला एक उत्पाद’ के सिद्धांत पर होगी जिलों की ब्रांडिंग।
- बेटियों की पूजा से शासकीय कार्यक्रम शुरू होंगे। बेटी बचाओ अभियान नए सिरे से शुरू होगा।
- आदिवासियों और गरीबों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने का अभियान। नियमों के विपरीत दिए गए 15 अगस्त 2020 तक ऋण शून्य होंगे। आवश्यक कानून लाया जाएगा।
- पुलिसकर्मियों के लिए भोपाल में बनेगा 50 बिस्तर सर्वसुविधायुक्त अस्पताल।
- 2023 तक 1 करोड़ नल कनेक्शन का लक्ष्य। हर घर तक नल के माध्यम से जल।
- सभी नागरिक सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।
- नर्मदा एक्सप्रेस-वे से नर्मदांचल में उद्योगों, ईको टूरिज्म और धार्मिक गतिविधियों को प्रोत्साहन।
- नए उद्योगों की स्थापना में सरलता के लिए ‘स्टार्ट योर बिजनेस इन थर्टी डेज’ योजना शुरू होगी।
- प्रदेश के नागरिकों का ‘सिंगल सिटीजन डाटाबेस’ तैयार होगा।
- ग्रामीण जनता को उनके आवासीय भूखंड पर मालिकाना हक दिया जाएगा।
- कर्मचारियों को देय सभी लाभ दिए जाएंगे।
- कोरोनाकाल की तरह आगे भी गरीबों के लिए सस्ती बिजली।
