70 हजार से ज्यादा लोगों तक पहुंचा किराना सामग्री , सब्जी भी पहुंचाने की तैयारी की जा रही है !

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

नगर निगम शहर के 70 हजार से ज्यादा लोगों तक किराना सामान पहुंचाने का दावा कर रहा है। अफसरों का कहना है कि बाकी की पेंडिंग लिस्ट पूरी करने के लिए शनिवार को ऑर्डर नहीं लिए जाएंगे। दूसरी तरफ किराना व्यापारियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रशासन अब सब्जियों को भी घर-घर पहुंचाने की प्लानिंग कर रहा है। उधर, ऑर्डर लेकर किराना सप्लाय नहीं करने वाले दुकानदारों पर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी है।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी ने बताया अभी हम आटा, तेल, दाल चावल दे रहे हैं। इसके अलावा कुछ और आइटम बढ़ा रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से बिस्किट और पेस्ट को भी बढ़ा रहे हैं। आलू और प्याज के रेट और सप्लाई की समस्या आ रही थी तो हम आसपास के कोल्ड स्टोरेज की जानकारी ले रहे हैं। सब्जी को भी हम डोर टू डोर पहुंचाने पर विचार कर रहे हैं। इंदौर के आसपास सब्जियों का उत्पादन तो हो रहा, लेकिन सप्लाय नहीं हो पा रही है। पर सप्लाय के लिए न मंडी खोली जाएंगी न दुकानें लगेंगी। सब्जियों को हम फिक्स पैकेट में ही बांटेंगे। इसके 100 और 200 रुपए के रेट में उपलब्ध कराएंगे। इसमें ले जाने में आसान सब्जी जैसे तुरई, लौकी, भिंडी का पैकेट बनाएंगे। इसके लिए प्लान कर रहे हैं।

किराना मिलने में परेशानी आने पर हेल्पलाइन नंबर
निगम अधिकारियों के मुतािबक, किराना सामग्री सप्लाय में आने वाली कठिनाइयों के निराकरण के लिए लोग हेल्पलाइन नंबर 0731 2583839 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं निगम को 10 अप्रैल तक 1 लाख 18 हजार 210 लोगों ने किराना पहुंचाने के ऑर्डर मिले। इनमें 91 हजार 656 नागरिकों को किराना दे दिया गया। 5 हजार 18 ऑर्डर निरस्त हुए।

उत्तम किराना मार्ट की तीन दुकानें सील
अपर आयुक्त शृंगार श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को उत्तम किराना मार्ट की तीन दुकानों को सील कर दिया। दुकानदार अजय चौरड़िया निगम के ऑर्डर पूरा करने के बजाय स्टोर खोलकर सामान बेच रहा था। इसके अलावा कर्फ्यू पास का भी गलत इस्तेमाल कर रहा था।

Exit mobile version