भारत में कोरोना वायरस से 75 लोगों की मौत, मरीजों की संख्‍या 3000 के पार

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
भारत में कोरोना वायरस ेक 3072 पॉजिटिव केस.

CoronaVirus स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय (Health Ministry) ने इस संकट से निपटने में ‘लॉकडाउन’ (Lockdown) का पालन जारी रखने और सामाजिक मेल जोल से दूर रहने के अलावा व्यक्तिगत स्तर पर एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने पर जोर दिया है.

नई दिल्‍ली. देश में कोरोना वायरस (CoronaVirus) से संक्रमण के 525 नए मामलों के सामने आने से शनिवार को कुल संख्या तीन हजार को पार कर गयी. वहीं इस बीमारी के कारण 13 और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 75 तक पहुंच गयी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) ने यह जानकारी दी. नए मामलों की यह संख्या अब तक की सर्वाधिक संख्या है.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार अब भी 2,784 लोग इससे संक्रमित हैं वहीं 212 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे गयी है. पिछले 24 घंटों में इस बीमारी के कारण 13 लोगों की मौत हो गयी. मंत्रालय के अनुसार पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 3,072 हो गयी है जिनमें 57 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.

रोजाना 10 हजार लोगों की जांच की जा रही
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिये जांच कार्य तेज कर दिया गया है और अब प्रतिदिन 10,000 से अधिक जांच की जा रही है. मंत्रालय ने इस संकट से निपटने में ‘लॉकडाउन’ का पालन जारी रखने और सामाजिक मेल जोल से दूर रहने के अलावा व्यक्तिगत स्तर पर एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखने पर जोर दिया है.अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के कम से कम 1,023 मामले पिछले महीने दक्षिण दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए तबलीगी जमात के धार्मिक कार्यक्रम से संबद्ध पाये गये हैं. लेकिन तबलीगी जमात से जुड़े करीब 22,000 लोगों सहित उनके संपर्क में आये लोगों को विभिन्न प्राधिकारों के व्यापक प्रयासों से पृथक वास में रखा जा रहा है.

कुल केस का 30 प्रतिशत तबलीगी जमात से
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि निजामुद्दीन में हुए धार्मिक कार्यक्रम से जुड़े कोविड-19 संक्रमण का तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित 17 राज्यों में पता चला है, इससे यह जाहिर होता है कि उनमें से करीब 30 प्रतिशत मामले, ‘एक खास स्थान से है जहां हम इसे समझ नहीं सकें और इससे निपट नहीं सके.’

25 में से एक का टेस्‍ट पॉजिटिव
रोजाना के संवाददाता सम्मेलन में अग्रवाल और अन्य सरकारी अधिकारियों द्वारा साझा किये गये आंकड़ों से यह जाहिर होता है कि संक्रमण का पता लगाने के लिये प्रत्येक 25 लोगों की जांच में औसतन एक मामला पॉजिटिव पाया गया, जबकि संक्रमित पाये गये मरीजों में मृत्यु दर 30 में एक से भी कम प्रतीत हो रही है.

अग्रवाल ने बताया कि अब तक 75,000 नमूनों की जांच की गई है. कुछ दिन पहले की करीब 5,000 नमूनों की जांच की संख्या दोगुनी होकर 10,000 से अधिक हो गई है. हालांकि, सरकारी प्रयोगशलाएं (लैब) बढ़ कर 100 से अधिक हो गई हैं और कई निजी लैब को भी जांच के कार्य में लगाया गया है.

ये भी पढ़ें: कोरोना के खिलाफ जंग: पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप से की फोन पर बात

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी बोले-कोरोना की जंग में ताली बजाना, दीया जलाना हल नहीं, टेस्ट जरूरी

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए देश से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: April 4, 2020, 8:45 PM IST

Exit mobile version