भाजपा का साथ छोड़ने वाले पूर्व वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन वर्मा ने आज इंदौर में पत्रकार वार्ता की

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

हम्मालों के हित की लड़ाई के नाम भाजपा का साथ छोड़ने वाले पूर्व वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन वर्मा ने आज इंदौर में पत्रकार वार्ता के जरिए एक बार फिर हम्मालों के लिए सांवेर विधानसभा से उपचुनाव लड़ने की मंशा जाहिर की है। वर्मा का कहना है कि नामांकन की आखिरी तारीख पर ही वे अपने पत्ते खोलेंगे, हालांकि वर्मा ने इतना जरूर जाहिर किया कि अपने बेटे के माध्यम से उन्होंने अपना चुनाव नामांकन फॉर्म तैयार करवा लिया है, जिसे ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से आखिरी समय से पहले दाखिल किया जा सकता है।

दरअसल इंदौर में खड़ी कराई वसूली बंद होने के मामले में पूर्व वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन वर्मा ने मोर्चा खोल रखा है। हम्मालों के लिए लड़ाई लड़ने की बात कहते हुए वर्मा ने कुछ दिन पहले ही भाजपा की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में उद्योगपतियों द्वारा की गई शिकायत के आधार पर हम्माल संघ के सदस्यों पर दादागिरी करने का आरोप लगाया गया है, जिस पर सफाई देते हुए वर्मा ने कहा कि हम्माल ना तो उत्पादन करते हैं और ना ही उत्पादन को प्रभावित करते हैं, यदि हम्माल दादागिरी करते है किसी भी उधोगपति ने बीते 35 वर्षों में अब तक कभी भी कोई रिपोर्ट क्यों दर्ज नहीं करवाई। अपनी सीट पर बोझा लादकर अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले हम्मालों पर दादागिरी और गुंडागर्दी का आरोप लगाने वाले उद्योगपतियों को चोर बताते हुए वर्मा ने आरोप लगाया कि वर्षों से टैक्स की चोरी करने वाले उद्योगपति हम्मालों से उनके स्वाभिमान के साथ उनकी रोजी रोटी का साधन भी छीनना चाहते हैं।

Exit mobile version