पीएम ने किया ताली बजाने का आग्रह, मुंबई के लोगों ने कहा- हमारे यहां बालकनी नही

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read
मुंबई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) को लेकर राष्ट्र को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि 22 मार्च यानी रविवार को जनता के लिए, जनता का कर्फ्यू होगा. पीएम ने इसे जनता कर्फ्यू (Janta Curfew) का नाम दिया. उन्होंने कहा कि 22 मार्च को शाम पांच बजे पांच मिनट के लिए सायरन बजेगा और लोग अपने घरों के बाहर, बालकनी में ताली बजाएंगे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘वायरस की परवाह किये बिना जो लोग हमारे लिए फील्डवर्क कर रहे हैं मैं चाहता हूं कि 22 मार्च, रविवार के दिन हम ऐसे सभी लोगों को धन्यवाद अर्पित करें. रविवार को ठीक 5 बजे, हम अपने घर के दरवाजे पर खड़े होकर, बाल्कनी में, खिड़कियों के सामने खड़े होकर 5 मिनट तक ऐसे लोगों का आभार व्यक्त करें.’

पीएम ने कहा , ‘पूरे देश के स्थानीय प्रशासन से भी मेरा आग्रह है कि 22 मार्च को 5 बजे, सायरन की आवाज से इसकी सूचना लोगों तक पहुंचाएं. सेवा परमो धर्म के हमारे संस्कारों को मानने वाले ऐसे देशवासियों के लिए हमें पूरी श्रद्धा के साथ अपने भाव व्यक्त करने होंगे.’ प्रधानमंत्री के इस आग्रह के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मीम्स बनाने शुरू कर दिये.

मुबंई के लोगों ने प्रधानमंत्री की इस अपील से जुड़े ट्वीट पर रिप्लाई दिया कि ‘सरकार हमारे यहां मुंबई में बालकनी नहीं है. क्या करें!’ कार्तिक ने दो पेंग्विन्स की एक तस्वीर ट्वीट कर कहा- मैं और मेरे बॉस जनता कर्फ्यू के दौरान ‘गो कोरोना, कोरोना गो’ कहेंगे.’

प्रधानमंत्री की अपील पर सृष्टि ने लिखा- ‘हाय मोदी जी, हम मुंबई में रहते हैं. यहां पे बालकनी नहीं है.’ काजी मुहम्मद ने लिखा है- ‘सर एक कंफ्यूजन है, हमारे घर में बालकनी नहीं है. अब हम क्या करें?’

निखिल कटारिया ने भी कुछ ऐसा ही लिखा है. उन्होंने कहा- ‘सर नरेंद्र मोदी फील्ड में लगे हुए सभी प्रफेशनल्स का हम सम्मान करते हैं लेकिन बॉम्बे में हमारे यहां बालकनी नहीं है, हम क्या करें?’

प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस संकट को लेकर आगामी 22 मार्च को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक ‘जनता कर्फ्यू’ का आह्वान किया है और कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़कर किसी को भी घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए. उन्होंने गुरुवार को करीब 30 मिनट के राष्ट्रीय संबोधन में सभी भारतीयों से अपील की कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए यथासंभव घरों के अंदर ही रहें और कहा कि दुनिया में कभी इतना गंभीर खतरा पैदा नहीं हुआ.

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: March 20, 2020, 9:16 AM IST

Exit mobile version