राजस्थान विधानसभा का सत्र : सरकार ने विश्वास मत जीता, सदन की कार्यवाही 21 अगस्त तक के लिए स्थगित; गहलोत बोले- भाजपा ने सरकार गिराने की साजिश रची थी

By Abhishek Raghuvanshi
7 Min Read
विश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कुछ भाजपा नेता मुख्यमंत्री बनने के सपने देखने लगे थे।
  • सदन में सीट बदलने पर पायलट बोले- सरहद पर उसे भेजा जाता है जो सबसे मजबूत होता है
  • धारीवाल ने भाजपा से पूछा- बाड़ेबंदी की बात करते हैं तो बताएं कि आपने विधायकों को गुजरात क्यों भेजा?

अशोक गहलोत सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में विश्वास मत जीत लिया। विश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा ‘भाजपा ने सरकार गिराने की साजिश रची थी।’

बहस पर गहलोत के जवाब के बाद स्पीकर सीपी जोशी ने ध्वनिमत से विश्वास मत पारित कर सदन की कार्यवाही अगले शुक्रवार यानी 21 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी।

बहस के दौरान संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल ने कहा, ‘राजस्थान में न तो किसी शाह की चली, न तानाशाह की।’ प्रतिपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौड़ ने सदन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह का नाम लेने पर आपत्ति जताई।

मंत्री धारीवाल के भाषण की बड़ी बातें…

- Advertisement -
  • अकबर को महाराणा प्रताप ने नाकों चने चबवा दिए थे। इसी तरह जब भाजपा सभी जगह सरकारें गिराकर राजस्थान पहुंची तो वीर सपूतों ने अशोक गहलोत के नेतृत्व में छठी का दूध याद दिला दिया।
  • भाजपा ये कहती है कि कांग्रेस ने विधायकों की बाड़ेबंदी की, अगर ये बाड़ेबंदी है तो आपने जो विधायक गुजरात भेजे थे, वे क्या रासलीला रचाने के लिए भेजे थे?
  • महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए भाजपा ने आधी रात को राष्ट्रपति को जगा दिया। जिस दिन फडणवीस की सरकार गिरी, उस दिन मोटा भाई और छोटा भाई को इस्तीफा दे देना चाहिए था।

भाजपा ने कहा- हॉर्स ट्रेडिंग की बात करते हो, आप तो पूरे हाथी गटक गए
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया बोले, ‘मैं विश्वास मत प्रस्ताव का विरोध करता हूं। 35 दिन में 5 फिल्में रिलीज हुईं। बाड़ेबंदी 1,2,3,4, 5…आखिरी बाड़ेबंदी में फेयरमोंट की इटेलियन डिश और क्रिकेट चल रहा था। इस बीच कुछ पीड़ितों की चीखें भी थीं। राजस्थान का जुगाड़ मशहूर है। उस जुगाड़ के लिए जादूगर भी मशहूर हैं। हॉर्स ट्रेडिंग की बात करते हो, आप तो बसपा के पूरे के पूरे हाथी गटक गए।’

सदन में सीट बदलने पर पायलट बोले- यह सरहद है
बहस के बीच प्रतिपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौड़ बार-बार सचिन पायलट का नाम ले रहे थे। इस पर पायलट बीच में खड़े होकर स्पीकर से बोले, ‘आपने मेरी सीट में बदलाव किया। मैंने सोचा- मेरी सीट यहां क्यों रखी है? मैंने देखा कि यह सरहद है, जहां एक तरफ सत्ता पक्ष और दूसरी ओर विपक्ष। सरहद पर उसे भेजा जाता है, जो सबसे मजबूत होता है।’

पायलट ने कहा, ‘समय के साथ सभी बातों का खुलासा होगा। जो कुछ कहना-सुनना था, वह कह दिया। हमें जिस डॉक्टर के पास अपना मर्ज बताना था बता दिया। सदन में आए हैं तो कहने-सुनने की बातों को छोड़ना होगा। इस सरहद पर कितनी भी गोलीबारी हो, ढाल बनकर रहूंगा।’

गहलोत का ट्वीट- कांग्रेस विधायकों की एकजुटता की जीत होगी

पायलट के लिए अब दूसरी लाइन में सीट अलॉट
सदन में बैठक व्यवस्था बदली गई है। डिप्टी सीएम के पद से हटाए जाने के बाद सचिन पायलट अब अशोक गहलोत के बगल वाली सीट पर नहीं बल्कि दूसरी लाइन में बैठे। उनके लिए निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा के बगल वाली 127 नंबर की सीट अलॉट की गई है। गहलोत के पास वाली सीट पर मंत्री शांति धारीवाल बैठे।

पायलट के साथ ही पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा की सीट भी बदली है। विश्वेंद्र को आखिरी लाइन में 14 नंबर सीट और मीणा के लिए पांचवीं लाइन में 54 नंबर की सीट दी गई है। कोरोना की वजह से भी विधायकों को दूर-दूर बैठाया गया। इसके लिए 45 से ज्यादा अतिरिक्त सीटें लगाई गईं हैं। सदन में हंगामे की आशंका को देखते हुए सोफे और कुर्सियों को चेन से बांधकर रखा गया है।

गहलोत सरकार पर संकट की रिपोर्ट निगेटिव, क्योंकि…

कुल विधायक: 200
बहुमत का आंकड़ा: 101
सरकार के पास: 125
कांग्रेस: 107 (पायलट गुट के 19, बसपा के 6 एमएलए शामिल)
आरएलडी: 1
निर्दलीय: 13
बीटीपी: 2
माकपा: 2

विपक्ष
विधायक: 75
भाजपा: 72
आरएलपी: 3

अपडेट्स

  • सुबह 11 बजे सत्र शुरू हुआ तो मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को श्रद्धांजलि दी गई। उसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
  • होटल में ठहरे कुछ कांग्रेस विधायक तेज बारिश और ट्रैफिक जाम होने की वजह से समय पर विधानसभा नहीं पहुंच पाए।
  • बसपा ने व्हिप जारी कर अपने विधायकों से कहा है कि सदन में फ्लोर टेस्ट हो तो कांग्रेस के खिलाफ वोट करें।

फोन टेपिंग से जुड़े सवाल को हटाया गया
सत्र के लिए 2 दिन का प्रश्नकाल तय हुआ है। 500 से ज्यादा सवाल अभी तक विधानसभा के रिकॉर्ड पर लिए गए हैं। 17 और 18 अगस्त के प्रश्नकाल के लिए अभी तक चुने गए सवालों में से फोन टेपिंग से जुड़ा सवाल बाहर कर दिया गया है। जबकि, बीजेपी फोन टेपिंग को प्रमुख मुद्दा बना कर सरकार को घेरने का ऐलान कर चुकी है।

कोरोना को लेकर 26, मजदूरों को लेकर 6 सवाल
विधायकों की तरफ से जनता की मांग के आधार पर लगाए गए सवालों में सबसे बड़ा मुद्दा कोरोना का लग रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा से 54 सवाल किए हैं, जिनमें से 26 कोरोना को लेकर हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से टिड्डी दलों के हमले और नुकसान पर 6 सवाल और कोरोना काल में मजदूरों के राजस्थान आने-जाने को लेकर भी 6 सवाल हैं।

Exit mobile version