महाराष्ट्र: लॉकडाउन का 18वां दिन / मुंबई देश का पहला ऐसा शहर, जहां 1 हजार संक्रमित; 100 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

मुम्बई से निखिल सोनी की रिपोर्ट

मुंबई. देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई कोरोना का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। शुक्रवार शाम तक शहर में एक दिन में सबसे ज्यादा 138 मामले सामने आए। इसके साथ शहर में संक्रमितों की संख्या 1008 पहुंच गई है। मुंबई देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां संक्रमितों की संख्या ने एक हजार का आंकड़ा पार किया। सिर्फ मुंबई में बीते 24 घंटों में संक्रमण से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में अब तक संक्रमण से 64 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, अगर पूरे महाराष्ट्र की बात की जाए तो राज्य में संक्रमितों की संख्या 1574 तक पहुंच गई है और 110 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना अपडेट्स:

मुंबई में 100 से ज्यादा डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी संक्रमण की चपेट में हैं। शुक्रवार को मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करने वाले 19 हेल्थ वर्कर्स में कोरोना पॉजिटिव आया है। मुंबई के जसलोक, वाकहार्ट और भाटिया हॉस्पिटल को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, जबकि ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में सिर्फ जरूरी ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी में शुक्रवार को छह लोग संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या 28 तक पहुंच गई है। संक्रमण के जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से दो लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से लौटे थे। धारावी में एक दर्जन से ज्यादा इलाके सील हैं। पुलिस यहां ड्रोन की मदद से निगरानी कर रही है।
दादर में शुक्रवार को तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सुश्रूषा अस्पताल की दो नर्सें संक्रमित पाई गई हैं। साथ ही एक 80 साल के बुजुर्ग में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। दादर में अब तक कोरोना के छह मरीज मिल चुके हैं। अस्पताल सील कर दिया गया है। नर्सों के संपर्क में आए लोगों को क्वारैंटाइन किया जा रहा है।
महाराष्ट्र में राज्य सरकार अगले हफ्ते से मुंबई से रैपिड एंटीबॉडी टेस्ट शुरू कर सकती है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले कोरोना के हॉटस्पॉट में रैपिड टेस्ट किया जाएगा। रैपिड टेस्टिंग में 15-30 मिनट में ब्लड सैंपल की जांच होकर उसकी रिपोर्ट आ जाती है। रिपोर्ट में ब्लड में मौजूद एंटीबॉडी का पता चलता है। एंटीबॉडी की उपस्थिति से संक्रमण का पता लगाया जाता है।

- Advertisement -
Exit mobile version