बिल गेट्स ने पत्र लिखकर मोदी की तारीफ की, कहा- लॉकडाउन का फैसला सही, सरकार ने डिजिटल क्षमताओं का भी पूरा इस्तेमाल किया

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स ने पत्र लिखकर मोदी सरकार के कदमों की तारीफ की
  • बिल गेट्स ने कहा- मोदी सरकार के फैसलों से संक्रमण की दर को बढ़ने से रोकने में मदद मिली

नई दिल्ली. माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स ने कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए फैसलों की सराहना की है। मोदी को लिखी चिट्ठी में गेट्स ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में आपकी सरकार ने डिजिटल क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल किया है। माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर ने मोदी द्वारा लॉकडाउन के फैसले को भी सही बताया है। 

गेट्स ने लिखा- हम आपके नेतृत्व और आपकी और आपकी सरकार के सक्रिय कदमों की सराहना करते हैं। इन कदमों से भारत में कोविड-19 संक्रमण की दर को बढ़ने से रोकने में कामयाबी मिली। इसमें नेशनल लॉकडाउन, हॉटस्पॉट इलाकों में टेस्टिंग पर फोकस करना, क्वारैंटाइन सुविधाओं समेत स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाना। इन्हें मजबूत करने जैसे कई फैसले सराहनीय हैं। इससे रिसर्च और डेवलपमेंट गतिविधियों और डिजिटल इनोवेशन में भी बढ़ोतरी हुई है। यह देखकर काफी अच्छा लग रहा है कि आप सभी भारतीयों की सामाजिक सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा कर  रहे हैं। कोविड-19 से लड़ाई में डिजिटल क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल हो रहा है। आरोग्य सेतु डिजिटल ऐप इसका अच्छा उदाहरण है जिससे आप कोरोनावायरस संक्रमण को ट्रैक कर रहे हैं और आम लोगों से सीधे जुड़ रहे हैं।

कोरोना की दवाई का पूरा खर्च उठाने का ऐलान कर चुके हैं बिल गेट्स
बिल गेट्स कोरोनावायरस के खिलाफ जंग के लिए 750 करोड़ रुपये दान कर चुके हैं। इसके अलावा भी उन्होंने अलग-अलग देशों को करोड़ों रुपए की मदद की है। गेट्स ने पिछले हफ्ते कोरोना की वैक्सीन (दवा) बनाने का पूरा खर्च उठाने का ऐलान किया था। “द डेली शो” के होस्ट नूह को दिए इंटरव्यू में उन्होंने यह घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस की सात वैक्सीन बनाई जाएंगी और इनमें से सर्वश्रेष्ठ दो वैक्सीन का ट्रायल किया जाएगा। वैक्सीन तैयार करने वाली सभी कंपनियों को बिल गेट्स फंडिंग कर रहे हैं। 

Exit mobile version