कोरोना वायरस: महाराष्ट्र में 120 नए मामले, संक्रमित लोगों की संख्या 868 पहुंची

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
महाराष्ट्र में सोमवार को सात लोगों की मौत हो गई

महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं. राज्य में 868 लोग कोविड-19 (Covid-19) से संक्रमित पाए गए हैं जबकि 52 लोगों की जान जा चुकी है.

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोविड-19 (Covid-19) के 120 नए मामले आने के साथ ही सोमवार तक प्रदेश में 868 लोगों के कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. वहीं सोमवार को राज्य में 7 लोगों की मौत हो गई जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 52 हो गया है. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘120 लोगों में से 68 व्यक्ति मुंबई (Mumbai) शहर के हैं जबकि 41 पुणे (Pune) के हैं.’’ उन्होंने कहा कि अन्य मामलों में औरंगाबाद से तीन, वसई-विरार, सतारा और अहमदनगर से दो-दो जबकि जालना और नासिक से एक-एक मामले आए हैं.

वहीं महाराष्ट्र के नालासोपारा में कोरोना से संक्रमित पाई गई 38 साल की गर्भवती महिला की सोमवार को नैयर हाउस में मौत हो गई.

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बांद्रा स्थित निजी आवास ‘मातोश्री’ के पास चाय की दुकान लगाने वाले एक दुकानदार के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की ख़बर सामने आई थी, जिसका कि बीएमसी के पीआरओ ने खंडन किया है. बीएमसी की ओर से बताया गया है कि इलाके में नियमित रूप से की जाने वाली सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है जिसके चलते उसे सील किया गया है.

पुलिसकर्मी कोरोना से पीड़ितवहीं मुम्बई के उत्तरी हिस्से में कुरार थाने के 38 वर्षीय एक उपनिरीक्षक में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई जिसके बाद उसके संपर्क में आये उसके चार सहयोगियों को पृथक वास में भेज दिया गया है. एक अधिकारी ने बताया कि यह पुलिसकर्मी बोरवली पश्चिम के योगीनगर में पुलिस क्वार्टर में रहता है जिसे सील कर दिया गया है और वहां के निवासियों की मेडिकल दल जांच कर रहे हैं.

अधिकारी ने कहा, ‘‘उसे (पुलिसकर्मी को) सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वह बुखार महसूस होने पर दो दिनों की छुट्टी पर गया था. उसकी कोरोना वायरस जांच की गयी और वह संक्रमित निकला. उसके संपर्क में रहने वाले चार पुलिसकर्मी पृथक वास में भेजे गये हैं तथा थाने में मौजूद कर्मियों की जांच की जाएगी.’’ अधिकारी ने कहा कि पहली रिपोर्ट से पता चला है कि संक्रमण हल्का है, अब दूसरी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

डॉक्टर और नर्सें भी संक्रमित
मुंबई के दो निजी अस्पतालों को भी वहां के डाक्टरों एवं नर्सों समेत कुछ कर्मचारियों के कारोना वायरस से संक्रमित होने के बाद सील कर दिया गया है. स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. बीएमसी के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मुंबई सेंट्रल स्थित वोकहार्ट अस्पताल को उसके तीन चिकित्सकों एवं 26 नर्सों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद सील कर दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि किसी को भी अस्पताल से अंदर या बाहर आने जाने की अनुमति नहीं है.

अस्पताल के कई कर्मचारी केरल से हैं, और केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे को ट्वीट कर, मुंबई के निजी अस्पताल में काम करने वाली, कोरोना वायरस संक्रमित 40 मलयाली नर्सों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की .

दूसरी ओर मुंबई के ही जसलोक अस्पताल में बुधवार से नयी भर्ती रोक दी गई और वाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) को बंद कर दिया गया है क्योंकि यहां भी एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.

ये भी पढ़ें-
COVID-19 के इलाज में ड्यूटी लगवाना चाहते हैं डॉक्टर रह चुके नेता

गृह मंत्रालय का राज्यों को निर्देश, COVID-19 के इलाज में न हो ऑक्सीजन की कमी

News18 Hindi पर सबसे पहले Hindi News पढ़ने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें. देखिए महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरें.

First published: April 6, 2020, 9:07 PM IST

Exit mobile version