कोरोना दुनिया में LIVE / मौतों का आंकड़ा एक लाख पार: ब्रिटेन में 24 घंटे में 980 लोगों ने जान गंवाई, यहां 102 साल की बुजुर्ग महिला पूरी तरह स्वस्थ्य

By Abhishek Raghuvanshi
10 Min Read

ब्रिटेन: लिवरपुल के रॉयल लिवरपुल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्यकर्मियों का ताली बजाकर आभार जताते नेशनल हेल्थ सर्विस के स्टाफ। देश में अब तक लगभग 9 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।
दुनियाभर में कोरोना से एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16.97 लाख संक्रमित हैं
अमेरिका में संक्रमितों की संख्या पांच लाख से ज्यादा, यहां के न्यूयॉर्क स्टेट में केवल एक लाख 77 हजार
फ्रांस में अब तक 13 हजार लोगों की जान जा चुकी है, वहीं एक लाख 24 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं
TIMES NEWS Apr 11, 2020, 10:21 AM IST
वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक एक लाख दो हजार लोगों की मौत हो चुकी है। 16 लाख 97 हजार संक्रमित हैं। वहीं तीन लाख 76 हजार ठीक हो चुके हैं। ब्रिटेन में 24 घंटे में 980 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही यहां मौतों का आंकड़ा आठ हजार 958 हो गया है। यहां कोरोना से संक्रमित एक 102 साल की बुजुर्ग महिला पूरी तरह ठीक हो चुकी हैं। उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने शुक्रवार को कहा कि अगर लॉकडाउन खत्म करने में दुनियाभर के देशों को जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। इससे और ज्यादा लोगों की मौत हो सकती है।

अमेरिका: न्यूयॉर्क में 24 घंटे में 777 मौतें

अमेरिका में 24 घंटे में 2,034 लोगों की मौत हुई है। यहां अब तक कुल 18 हजार 719 लोग जान गंवा चुके हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमण के करीब पांच लाख दो हजार मामले अमेरिका में ही हैं। वहीं न्यूयॉर्क ने संक्रमण के मामले में सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। यहां अब तक एक लाख 72 हजार 358 मरीज मिल चुके हैं। राज्य में 24 घंटे में 777 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा सात हजार 844 हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि देश में लगाए गए प्रतिबंधों में स्थिति सामान्य होने तक कोई ढील नहीं दी जाएगी। अमेरिका में अब तक 20 लाख से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया जा चुका है। देश में ब्लड बेस्ड सेरोलॉजी टेस्ट भी शुरू की जाएगी। इससे लोग संक्रमित है या नहीं या उनकी रोग प्रतिरक्षा कैसी है, इसकी जानकारी मिल सकेगी।

- Advertisement -

ट्रम्प ने कहा- कोरोना रोकथाम के लिए लगाए गए प्रतिबंधों में ढील देने से जुड़े फैसले लेने के लिए अलग टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 60 प्रतिशत से ज्यादा मौतें न्यूयाॅर्क (777), न्यूजर्सी (232) और मिशीगन (205) राज्य में हुई है।
इससे पहले बुधवार को सर्वाधिक 1,936 लोगों की मौत हुई थी। कोरोना के कारण इटली के बाद अमेरिका में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।
अमेरिका के व्योमिंग राज्य में एक भी मौत नहीं हुई है। यहां संक्रमण के केवल 253 मामले हैं।

अमेरिका: विसकॉन्सिन स्टेट के मिल्वौकी शहर में मंगलवार को मेयर का चुनाव हुआ। वोट देने के लिए लाइन में लगे लोग।

इटली: 24 घंटे में 570 मौतें
इटली के प्रधानमंत्री जूजेप्पे कॉन्टे ने देश में लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ा दिया है। इससे पहले यहां 9 मार्च से 3 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया था, जिसे 13 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था। इटली में कोरोना से 24 घंटे में 570 लोगों की मौत हुई है, जबकि संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं। कोरोना से यहां सबसे ज्यादा 18 हजार 849 लोगों की मौत हुई है। वहीं अब तक एक लाख 47 हजार संक्रमित हो चुके हैं। 

इटली: वेटिकन स्थित सेंट पीटर स्क्वाएर। सरकार ने यहां लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया है।

फ्रांस: अब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

फ्रांस में शुक्रवार को 987 लोगों ने दम तोड़ा है। इसके साथ ही वहां मौतों का आंकड़ा 13 हजार से ज्यादा हो गया है। इटली, स्पेन और अमेरिका के बाद फ्रांस चौथा देश हैं, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

फ्रांस में एक कोरोना मरीज को अस्पताल ले जाते चिकित्साकर्मी। यहां एब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

ब्रिटेन: 8,958 लोगों की मौत

ब्रिटेन में 73 हजार 758 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। यहां आठ हजार 958 लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय मीडिया ने कहा कि लिवरपूल के एंट्री अस्पताल में महामारी से संक्रमित 102 साल की बुजुर्ग महिला स्वस्थ हो चुकी हैं और उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने शुक्रवार की कहा कि वार्ड की सबसे बुजुर्ग मरीजों में से एक के स्वस्थ होकर घर जाने पर नर्सें इकट्ठा हुईं और खुशी के साथ तालियां बजाकर उन्हें विदाई दी। ‘लिवरपूल एको’ ने अपनी रिपोर्ट में अस्पताल के मैनेजर के हवाले से कहा, ‘‘अपने प्रवास के दौरान वह सभी का मनोरंजन करती रहीं थीं, वार्ड में हर कोई उन्हें याद करेगा।’’ 

  • ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने शुक्रवार को कहा कि अभी हर दिन लगभग 19 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। साथ ही कहा कि प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट ता इस्तेमाल अस्पताल में इलाज के लिए किया जाएगा।
  • उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते से अस्पतालों में इसकी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। आगे चलकर इनका निर्यात भी बढ़ाया जाएगा।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार रात लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
  • 27 मार्च को बोरिस जॉनसन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था। इसके 10 दिन बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
  • उनकी गैरहाजिरी में विदेश मंत्री डोमिनिक राब जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जॉनसन को वॉर्ड में थोड़ी दूर चलने के लिए भी कहा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर उन्हें ज्यादा थकान महसूस नहीं होगी तो कुछ हल्की एक्सरसाइज भी कराई जा सकती हैं। डॉक्टर इसके जरिए उनकी रिकवरी प्रॉसेस समझना चाहते हैं।

लंदन के सुपरमार्केट में जाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लाइन में लगे लोग।

कोरिया: ठीक हुए 91 मरीज फिर से संक्रमित
बीबीसी के मुताबिक, दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि देश में कोरोना से ठीक हुए 91 लोगों का टेस्ट फिर से पॉजिटिव आया है। कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने कहा है कि वे दोबारा कैसे संक्रमित हुए इसका पता नहीं चल पाया है। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि हो सकता है उनका टस्ट ठीक से न हुआ हो। यहां अब तक 208 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दस हजार 450 संक्रमित हैं।

दक्षिण कोरिया: डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार ली नाक-योन के समर्थक।

ब्राजील: एक हफ्ते में तीन गुना मौतें
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि ब्राजील में कोरोनोवायरस से होने वाली मौतों की संख्या एक सप्ताह में लगभग तीन गुना हो गई है। तीन अप्रैल को मौतों का आंकड़ा 359 था। 10 अप्रैल को यह 1,056 हो गया। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, देश में फिलहाल संक्रमण के 19,789 केस हैं। राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो संक्रमण रोकने के उपायों को जारी रखने की बात लगातार खारिज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति महामारी से भी ज्यादा बदतर है। उन्होंने पहले भी कोरोनावायरस को एक मामूली फ्लू बताया था। बोल्सनारो ने देश के कई राज्यों के गवर्नर द्वारा लागू किए गए सेल्फ आइसोलेशन को हटाने की भी मांग की थी।

तुर्की: 31 शहरों में 48 घंटे तक कर्फ्यू
तुर्की में कोरोनावायरस से निपटने के लिए शुक्रवार आधी रात से 31 शहरों में 48 घंटे के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। देश के गृह मंत्री ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। इसमें अंकारा, अदाना, आएदिन, बुरसा, इस्तानबुल, कोन्या, इरसुरुम जैसे शहर शामिल हैं। देश में 47 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं, जबकि 1,006 लोगों की मौत हो चुकी है।

अर्जेंटिना: 27 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा

अर्जेंटिना मे कोरोना संक्रमण के 1,975 मामले हैं, जबकि 82 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रपति एल्बेतो फर्नांडीज ने शुक्रवार को देश को संबोधित करते हुए कहा कि संक्रमण से निपटने के लिए 27 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देशकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका5,02,87618,747  27,314
स्पेन1,58,27316,08155,668
इटली 1,47,57718,849     30,455
फ्रांस1,24,86913,197 24,932
जर्मनी1,22,1712,767    53,913
चीन 81,9533,33977,525
ब्रिटेन73,7588,958   344
ईरान68,1924,23235,465
तुर्की 47,029     1,0062,423
बेल्जियम26,667 3,0195,568
Exit mobile version